उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में लापता हुए तीन लोगों के परिजनों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया और सरकार से इंसाफ की गुहार लगाई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक लापता हुए लोगों के परिजनों के साथ सैकड़ों स्थानीय लोग त्रेहगाम चौक पर इकट्ठा हुए और धरना देकर नारेबाजी की। इसके अलावा मामले के विरोध में जिले के बाजार आदि मंगलवार को बंद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि सरकार जल्द मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करे। उन्होंने तीनों व्यक्तियों के गायब होने के पीछे सेना का हाथ होने का आरोप लगाया।
गौरतलब है कि लापता व्यक्तिओं के परिवार के सदस्यों ने जूडिशियल मजिस्ट्रेट कुपवाड़ा की अदालत में एक याचिका दायर की थी।
इसमें उन्होंने कहा कि दर्दपोरा के रहने वाले गुलाम जीलानी खटाना, मीर हुसैन खटाना और त्रेहगाम कुपवाड़ा के अली मोहम्मद शेख का 17 नवंबर से कोई पता नहीं है जबसे उन्हें टेरीटोरियल आर्मी का जवान मंजूर अहमद वाजा अपने साथ ले गया था। फिलहाल पुलिस की विशेष टीम लापता लोगों की तलाश भी कर रही है।