रेशमघर कालोनी में एक व्यक्ति ने क्रिकेट खेल रहे बच्चे को बेरहमी से पीट दिया। उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चे की टांग और सिर में चोट आई है। पुलिस ने पिटाई करने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया है, लेकिन अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया है। पुलिस ने घायल बच्चे का बयान ले लिया है।
आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले नरेश के पिता दविंदर कुमार ने बताया कि उसका बेटा और अन्य बच्चे पास में ही सरकारी स्कूल के खेल मैदान में खेल रहे थे। इतने में उक्त व्यक्ति बच्चों के पास पहुंच गया और उनके साथ क्रिकेट खेलने के लिए कहने लगा। लेकिन खेल खेल में ही उसने बच्चों को पीटने की कोशिश की।
सभी बच्चे डर से वहां से भाग गए। लेकिन उनका बेटा जब घर आया तो उक्त व्यक्ति घर में घुस आया और बेटे को क्रिकेट बैट से बेरहमी से पीट दिया। इससे उसके सर और टांग पर चोट आई। इसके बाद वह वहां से भाग गया। दविंदर ने बताया कि पहले भी उक्त व्यक्ति बच्चों को खेलने से मना करता था और बच्चों की पिटाई कर देता था।
दविंदर यहां किराये पर रहता है और घटना के वक्त वह घर से बाहर था। बख्शी नगर के थाना प्रभारी दिलीप सिंह का कहना है कि अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
बच्चे की पिटाई करने वाले व्यक्ति को पकड़ा है। बच्चे के बयान लेने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी। बच्चे को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घायल बच्चे के भाई की भी व्यक्ति ने थपड़ों से पिटाई की है।