क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार
- फोटो : डेमो फोटो
पंजाब नेशनल बैंक मेट लाइफ पॉलिसी के नाम पर महिला से ठगी के आरोप में पॉलिसी एजेंट को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। लक्ष्मीपूर्ण चिन्नौर की रहने वाली ऊषा राजदान ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि शिव नगर तोप शेरखानियां के रहने वाले संदीप रैना ने उनकी पीएनबी मेटलाइफ पॉलिसी की थी।
जम्मू स्थित बाहु प्लाजा ब्रांच में 2013 के दौरान यह पॉलिसी कराई थी। बताया गया कि उन्हें 99999 की वन टाइम पॉलिसी करानी है। पांच साल के बाद इसके लिए 1.75 लाख रुपये मिलेंगे। महिला ने अपने पति के बैंक खाते से यह प्रीमियम पीएनबी मेटलाइफ पॉलिसी में ट्रांसफर कर दिया। लेकिन बाद में पता चला कि जो पालिसी की गई है, वो 40 सालों की थी।
साथ ही दस सालों के लिए प्रीमियम भरा गया है। यहीं नहीं आरोपी ने यह पॉलिसी महिला के फर्जी हस्ताक्षर करके कर दी। क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ 420, 465, 467, 468, 471 के तहत केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।