वैष्णो देवी कटड़ा में दर्शन के बाद शिवखोड़ी धाम जा रहे श्रद्धालुओं की मिनी बस पुरेया क्षेत्र में एक मोड़ को काटने के दौरान पलट गई। हादसे में वाहन में सवार ग्यारह यात्री घायल हो गए। इसमें चालक भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार श्रद्धालु मिनी बस (जेके20-3621) से कटड़ा से सुबह शिवखोड़ी धाम के लिए निकले थे। जैसे ही मिनी बस पुरेया में पहुंची, एक मोड़ को काटने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई।
मौके पर से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तुरंत मिनी बस में फंसे यात्रियाें को बाहर निकालने का काम शुरू किया।
...वरना होता बड़ा नुकसान
सड़क हादसा
- फोटो : graphic
हादसे में घायल होने वालों में वाहन चालक चंद्रमोहन निवासी भारख पौनी, श्रद्धालु सतीश चौरसिया, ओम प्रकाश पांडे, अजीत स्वरूप, अदिति वर्मा, दुर्गा शंकर, सुभाष वर्मा, जुगल वर्मा, परस राम, हार्दिक वर्मा, पवन सिंह शामिल हैं।
घायल श्रद्धालु लखनऊ के बताए जा रहे। सभी को प्राइमरी हेल्थ सेंटर में लाया गया। चालक चंद्रमोहन और श्रद्धालु सतीश चौरसिया को प्राथमिक उपचार देने के बाद जम्मू के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मिनी बस में सवार अन्य यात्री घायलों को सांत्वना देते नजर आए। इस दौरान हर किसी की जुबान पर भगवान भोलेनाथ का नाम था। वह यही कह कर साहस बंधाते दिखे कि शुक्र है कि हादसे में सभी को मामूली चोट लगी है। अन्यथा ज्यादा नुकसान उठाना पड़ता, क्योंकि आगे जाने पर पहाड़ी के साथ नदी भी है।