जम्मू/उधमपुर। सराय रोहिल्ला दिल्ली से जम्मू आ रही उधमपुर स्पेशल एसी ट्रेन से दो चोरों को चोरी के सामान के साथ पकड़ा गया है। रेलवे कर्मियों और रेलवे सुरक्षा बल इंटेलीजेंस की सक्रियता से चोरों को बोगी में ही दबोच लिया गया। दोनों को पठानकोट जीआरपी थाने में भेज दिया गया है।
पंजाब के रहने वाले कमल और शिवम शर्मा ने दिल्ली से पठानकोट का टिकट कराया। दोनों की कोच नंबर ए 1 में सीट नंबर 21 और 22 थी। इस कोच के तीन यात्रियों ने रेलवे के सीआईटी अब्दुल राशिद के पास शिकायत दर्ज कराई। बताया कि उनके मोबाइल फोन, हजारों की नकदी और कुछ अन्य सामान गायब है। सीआईटी ने आरपीएफ के इंटेलीजेंस विंग में बात की। विंग से लखविंदर सिंह भी मौके पर पहुंचे। ट्रेन में डिप्टी सीआईटी अर्जुन सैनी और अंकुश शर्मा भी कोच में पहुंचे। इसके बाद पूरे कोच में जांच शुरू की गई।
यह घटना जालंधर के पास की है। जब जांच आगे बढ़ी तो शिवम और कमल से पूछताछ की गई। उनकी संदिग्ध हरकतों को देखते हुए तलाशी ली गई। दोनों के पास से तीन यात्रियों के मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई। पूछताछ हुई तो दोनों ने बताया कि वह कोच से कई लोगों का सामान चुराकर पठानकोट उतरने वाले थे।