सेना के आयुध भंडार (कनयाला) में नौकरी के लिए अगले चरण की लिखित परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थियों की जगह बैठे 28 मुन्ना भाई पकड़े गए हैं। झज्झर कोटली पुलिस ने सबके खिलाफ धोखाधड़ी करने के चलते धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है। इन सभी आरोपियों को पुलिस की हिरासत में रखा गया है। ये आरोपी हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के रहने वाले है।
जानकारी के मुताबिक आयुध भंडार (कनयाला) में टीडीएस मेट (लेबर एंड फायरमैन) की भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा हुई थी। इसके अगले चरण की लिखित परीक्षा 29 सितंबर को हुई। इसमें 28 लड़के दूसरों की जगह परीक्षा देने के लिए बैठे थे। सेना के एक अफसर ने परीक्षा के दौरान एक उम्मीदवार का फार्म मुकम्मल नहीं होने पर पूछताछ शुरू की।
जब सवाल जवाब किए तो युवक फार्म के मुताबिक माता-पिता का सही नाम नहीं बता पाया। जानकारी गलत पाए जाने पर अफसर को शक हो गया। उसने सख्ती से पूछा तो युवक ने किसी अन्य की जगह लिखित परीक्षा देने आने की बात स्वीकार की।
आफिसर ने जब युवक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने और भी जितने युवक बैठे थे, सभी की जानकारी दे दी। इसके बाद परीक्षा रूम में हंगामा हो गया और परीक्षा रोक दी गई और सभी 28 मुन्ना भाई पकड़ लिए गए। सेना के अफसरों ने इन सभी को झज्झर कोटली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने सबूत आदि जुटाने के बाद शुक्रवार को 28 मुन्ना भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।