जम्मू। सरकारी पार्कों में निशुल्क ओपन जिम की सुविधा देना समाज विरोधी तत्वों को रास नहीं आया। ग्रीन बेल्ट पार्क मेें करीब सप्ताह भर पहले ओपन जिम योजना के तहत लगाई गई मशीनों में शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ की है। ऐसे में ओपन जिम की सुरक्षा पर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
पार्क स्थित ओपन जिम में हुई तोड़फोड़ पर वहां पर सैर करने आने वाले लोगों ने भी हैरानी प्रकट करते हुए इस मामले की जांच करवाकर दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संजय शर्मा ने कहा कि वह पिछले कुछ दिन से ओपन जिम में जाकर व्यायाम कर रहे थे, लेकिन दो से तीन मशीनों में तोड़फोड़ की गई है और विभाग की तरफ से अब टूटी मशीनों को उतार दिया गया है।
वहीं भारत रत्न ने कहा कि निशुल्क में ओपन जिम मोटी राशि लेकर लोगों को जिम करवाने वालों को रास नहीं आ रहा है। ऐसे में इस थ्योरी की भी जांच होनी चाहिए। इस बारे में फ्लोरिकल्चर, गार्डन विभाग के अतिरिक्त सचिव सुखदेव सिंह संब्याल से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि तोड़फोड़ की घटना की जानकारी मिली हैं और मशीनों को मरम्मत के लिए मंगवाया गया है। उन्होंने बताया कि रूप नगर के सेक्टर चार स्थित पार्क में भी ओपन जिम को शुरू किया गया है। विभाग की निदेशक को तोड़फोड़ के मामले का संज्ञान लेने को कहा गया है। विभाग की निदेशक बवीला रकवाल से मामले पर पूछने पर उन्हें कई बार फोन करने के बावजूद उनके संपर्क नहीं हो पाया।