जम्मू पुलिस ने नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने इंटर स्टेट ड्रग्स स्मगलरों से 1700 किलोग्राम पाप्पी स्ट्रा(भुक्की) बरामद किया है। नशे की खेप पंजाब नंबर के ट्रक से मिली है। आरोपी चालक की पहचान दीदार सिंह निवासी बरोला पिंड समराला जिला लुधियाना और मनप्रीत सिंह निवासी हंडुमेट तहसील समराला जिला लुधियाना के रूप में हुई है।
दोनों आरोपी पाप्पी स्ट्रा भुक्की को ट्रक में छिपाकर ले जा रहे थे। स्पेशल आपरेशन ग्रुप और एचएचओ प्रवेज सज्जाद की टीम ने छन्नी हिम्मत में नाका लगाया हुआ था। इस दौरान वाहनों को चेकिंग के लिए रोका जा रहा था। जब पंजाब नंबर के ट्रक की तलाशी ली गई तो यहां से 1700 किलोग्राम भुक्की बरामद हुई। इसको 193 सेब की पेटियों में छुपाया हुआ था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई एसएसपी एसओजी संदीप मेहता और एसएसपी तेजिंद्र सिंह के निर्देशों पर हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से नशे का कारोबार कर रहे हैं। जैसे ही ट्रक तलाशी के लिए रोका गया तो दोनों घबरा गए। इतने में पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो भुक्की सेब की पेटियों में छुपाई हुई थी। पुलिस ने जब सेब की पेटियों को खोलने को कहा तो इसमें सेब होने का हवाला दिया गया। पुलिस ने जब पेटियों को खोला तो एक के बाद एक पेटी में भुक्की बरामद हुई है।