जम्मू। सतवारी थाना क्षेत्र में एक घर में वीरवार की तड़के जोरदार धमाके ने परिवार और आसपास मौजूद घर में रहने वाले भी सकते में आ गए। धमाका इतना जोरदार था कि घर में सभी खिड़की और दरवाजों के शीशे टूट गए। धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस व एसएफएल की टीम मौके पर पहुंच गई।
सतवारी के चट्ठा गांव में हरप्रीत सिंह के घर में वीरवार की सुबह करीब चार बजे तेज आवाज के साथ धमाका हो गया। उस समय पूरा परिवार सो रहा था। धमाके की आवाज सुनकर सभी उठ गए। आसपास के घरों में धमाके की गूंज सुनाई दी। घर के भीतर हुए, धमाके से घबराए हरप्रीत ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस व एसएफएल व अन्य टीमें घटना स्थल पर पहुंच गईं। हालांकि टीम को घर के किसी भी हिस्से से धमाके में इस्तेमाल वस्तु के अवशेष या ज्वलनशील पदार्थ नहीं मिला। ऐसे में पुलिस भी इस संदिग्ध धमाके को लेकर हैरान दिखी। हालांकि पुलिस ने परिवार वालों की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।