जम्मू-कश्मीर के दोमाना में बुधवार को पशु तस्करों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई। इसके चलते लोगों ने तीन लोड कैरियर में पशुओं को ले जा रहे लोगों को खूब पीटा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करने के साथ ही पशु लेकर जा रहे लोगों की जान बचाई। इसे लेकर पुलिस ने पशु तस्करों के अलावा उनसे मारपीट करने वालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कथित गोरक्षकों के विरुद्घ आरपीसी की धारा 327,323,148,307,382 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी के अनुसार बुधवार को लोगों ने पशु लेकर जा रहे लोगों के साथ मारपीट की है। इसमें शुभम नाम के युवक को गंभीर चोटें आई। दोमाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पशुओं से लदे तीन लोड कैरियरों को जब्त किया और इसके साथ ही दो पशु तस्करों को हिरासत में ले लिया। दोनों की पहचान मकसूद अहमद और नजीर हुसैन दोनों निवासी पुंछ के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार बुधवार सुबह तीन बजे के करीब दोमाना थाना अंतर्गत डक्कू चक्क के लोगाें ने पशु तस्करों के तीन लोड कैरियर जिनके नंबर जेके02सीबी 3139, जेके 01ऐसी 6776 और जेके 12ऐ 3919 को रोक लिया। इनमें पशु लदे थे। लोगों ने जैसे ही गाड़ियों को रोका तो पशु तस्कर उनसे भिड़ गए। इस बीच लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस को आता देख पशु तस्कर मौके से फरार होे गए। जबकि दो तस्करों को पकड़ लिया गया। सूत्रों की मानें तो इस विवाद में कुछ लोग घायल भी हुए हैं। पशु तस्करी को लेकर दोमाना पुलिस ने धारा 188 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।