रात को अंधेरे में तवी से निकाली जा रही रेत
हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद नदियों से अवैध खनन पर नहीं कसा शिंकजा
मानीटरिंग कमेटी ने पुलिस की मिलीभगत की रिपोर्ट दी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रतिबंध लगने के बावजूद तवी नदी से अवैध खनन हो रहा है। अब रात को अंधेरे में पत्थर, रेत और बजरी का धड़ल्ले से खनन हो रहा हैं। पुलिस की मिलीभगत से ऐसा हो रहा है, खासकर दूरदराज क्षेत्र में।
सूत्रों के अनुसार इलाकों में तैनात पुलिस कर्मी पैसे लेकर ट्रैक्टर ट्रालियों को छोड़ दे रहे हैं। प्रति ट्राली 300 से 500 रुपये लिए जा रहे हैं। अधिकतर खनन रात के समय हो रहा है। 15 अगस्त के पहले इस पर कुछ हद तक सख्ती थी, लेकिन अब फिर से खनन शुरू हो गया है। फलायं मंडाल, बडियाल, बसंतर दरिया आदि में बड़े स्तर पर खनन हो रहा है।
बताते चलें कि हाईकोर्ट ने तवी में खनन पर पूरी तरह से रोक लगाई है। हाईकोर्ट का आदेश है कि तवी नदी में नगरोटा क्षेत्र, फलायं मंडाल और आरएस पुरा की तरफ पुलिस नाके लगाए जाएं। इसके बाद पुलिस की पोस्ट स्थापित की गई। हाईकोर्ट ने इसकी मानीटरिंग के लिए एक कमेटी गठित की। इस कमेटी ने जब मौके का जायजा लिया तो पाया कि सरेआम पुलिस कर्मियों के सामने खनन हो रहा है।
कमेटी ने हाईकोर्ट में अपनी रिपोर्ट पेश की। बताया कि पुलिस की मिलीभगत से ऐसा हो रहा है। इसके बाद कोर्ट ने एसएसपी से जवाब मांगा। अब फिर से यही खेल शुरू हो गया है। रात के अंधेरे में पुलिस की मिलीभगत से खनन हो रहा है।
आम लोगों पर असर
तवी नदी से आने वाली रेत बजरी और पत्थर आम लोगों तक महंगे दाम पर पहुंच रहा है। बेचने वालों का साफ कहना है कि वह बड़ी मुश्किल से पैसे देकर सामान ला रहे हैं।