डोडा/भद्रवाह। भद्रवाह तहसील के सेरी खयेतर इलाके में सोमवार को एक कार अनियंत्रित होकर नीरू नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसमें सवार पांच अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को डोडा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार कार संख्या जेके06-7199 में सवार होकर छह लोग जम्मू से भद्रवाह की ओर जा रहे थे। जब कार सेरी खयेतर पहुंची तो कार चालक से बेकाबू हो गई और वह करीब डेढ़ सौ फुट नीचे नीरू नदी में लुढ़क गई। हादसे के तुरंत बाद लोगों ने पुलिस की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। कार में सवार सभी छह लोगों को बाहर निकाला, लेकिन उनमें से एक दरंगा निवासी बुजुर्ग स्वामी राज (75) की मौत हो चुकी थी। जबकि मृतक की पत्नी रामेश्वरी देवी (60), विद्या देवी (37), इसकी मासूम बेटी देवांशी देवी (3), अनुराधा (37) और सतीश कुमार (38) को घायल हालत में उठाकर जिला अस्पताल डोडा पहुंचाया गया। सभी का इलाज चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।