जम्मू। झज्जर कोटली के पास बगियां नाले में नहाने गए 21 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नौशेरा राजोरी का रहने वाला युवक सौरभ चौधरी अपने सगे भाई गौरव और अन्य चार साथियों के साथ रविवार शाम छह बजे नाले में नहाने गया था। इसी दौरान सौरभ गहरे पानी उतरा, जिससे उसके पांव लड़खड़ाए और वह पानी में समा गया। सौरभ को बचाने के लिए अन्य युवक भी तैर उस तक पहुंचने की कोशिश, तब तक वह डूब चुका था। इस घटना की सूचना पीसीआर जम्मू को दी गई। पीसीआर ने झज्जर कोटली थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और गहरे पानी में डूबे सौरभ की तलाश शुरू हुई। वह 20 फीट नीचे पानी के अंदर पत्थरों में फंस गया था। रेस्क्यू टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शाम सात बजे उसके शव निकाला। बताया जा रहा है कि सौरभ तैरना नहीं जानता था। एसएचओ झज्जर कोटली मोहम्मद शौकत ने बताया कि वर्तमान समय में सौरभ चौधरी त्रिकुटा नगर में अपने भाई के साथ रह रहा था। यहां पर दोनों भाई काम करते थे। इस घटना के संबंध में केस दर्ज कर लिया गया। पोस्टमार्टम करवा कर शव परिवार को सौंप दिया जाएगा।