रियासी। शुक्रवार भरी दोपहर को किसी व्यक्ति ने पुल से चिनाब दरिया में छलांग लगा दी। इसकी जानकारी मिलते ही उसकी तलाश दरिया में शुरू कर दी गई, लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया।
किसी वाहन चालक ने जब एक व्यक्ति को पुल से दरिया में कूदते देखा तो उसने इसकी सूचना दरिया में राफ्टिंग करने वालों को दी। राफ्टरों ने आनन-फानन में अपनी राफ्ट को दरिया के पानी में उतार कर उस व्यक्ति की तलाश को शुरू कर दी। पुलिस को भी सूचित किया गया। बाद में मौके पर पुलिस की पार्टी पहुंची। राफ्टरों ने दरिया में काफी दूर तक तलाश की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। बताया जाता है कि पुल के ऊपर से एक जोड़ा चप्पल बरामद की गई है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी बुजुर्ग व्यक्ति ने दरिया में छलांग लगाई होगी। एसएचओ अश्विनी शर्मा ने बताया कि पुलिस दरिया में कूदने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्रों में भी इसके बारे में बताया गया है। हालांकि शुक्रवार शाम तक किसी के लापता होने की सूचना थाने में दर्ज नहीं कराई गई है।