राजोरी। सोशल मीडिया पर एक लड़की का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है।
शुक्रवार को एक लड़की ने पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जो काफी पहले बनाया गया है जब वह जिला अस्पताल के एक डाक्टर के पास रुटीन चेकअप के लिए गई थी। लड़की ने वीडियो को फर्जी तथा काट छांटकर बनाया गया बताया। वीडियो महिला की पवित्रता को भंग करने के उद्देश्य से बनाया गया है। एसएसपी युगल मन्हास ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए डिप्टी एसपी प्रणब महाजन की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन कर जांच जल्द पूरी करने को कहा गया है। प्रारंभिक छानबीन में यह पता चला है कि वीडियो डाक्टर के क्लीनिक के अंदर की है। वीडियो बनाने में अंदर के किसी लोगों का हाथ होना संदिग्ध है। यह भी पता चला है कि अस्पताल में तैनात चार डाक्टरों तथा कुछ सरकारी मुलाजिमों ने वीडियो को वायरल किया है। इसके अलावा मंजाकोट, दरहाल तथा राजोरी के कुछ व्हाट्सएप ग्रुप पर भी कुछ लोगों ने शेयर किया है। एसएसपी ने बताया कि जिसने वीडियो बनाई तथा जिसने इसे वायरल किया (खासकर कुछ मुलाजिम तथा चार डाक्टर) उनके खिलाफ महिला को लज्जा भंग करने के आरोप में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।