मेंढर में आतंकी ठिकाना ध्वस्त
हथियारों के जखीरे में चार चाइनीज हैंडग्रेनेड भी मिले
नक्शे के अलावा 11 टिफिन आईईडी भी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
पुंछ। वीरवार की देर रात जिले की मेंढर तहसील में सुरक्षाबलों एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर वहां आतंकियों द्वारा छुपा कर रखे गए भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। बरामद हथियारों में 2 एके 56 राइफलें, एके 56 राइफल की 26 मैगजीनें जिसमें 12 भरी हुई एवं 14 खाली, एके 56 राइफल की गोलियां 793, तीन पिस्टल जिनमें दो बड़ी एक छोटी, पिस्टल मैगजीन दो, पिस्टल की गोलियां 63, पीका राइफल की गोलियां 46, पीका राइफल की मैगजीन 1, टिफिन आईईडी 11, डेटोनेटर 20, आरपीजी राउंड 3, चाइनीज हैंडग्रेनेड 4, कंपास 1, बयनट बंदूक पर लगने वाला चाकू 1, मैपशीट 1, आई कार्ड 3, कामिन सैट 7, कोड साइन 1, पर्स 1, पाकिस्तानी करंसी के 500 के 17 नोट और 1000 के 8 नोट, फोटोग्राफ 1, सीलिंग कड़ी 2, डायरियां 2, पानी की बोतलें 2 और 2 बैग शामिल हैं। इस आतंकी ठिकाने को ध्वस्त किए जाने के मामले में मेंढर पुलिस थाने में एफआईआर 99/2018 दर्ज कर धारा 120बी और आरपीसी की धारा 7/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों की मानें तो आतंकी ठिकाना काफी पुराना है और उसमें से बरामद सामान भी पुराना ही है।
जानकारी के अनुसार वीरवार की देर शाम मेंढर पुलिस, एसओजी और क्षेत्र में तैनात सेना द्वारा तहसील मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित बैरीरख जंगल में एक साझा तालाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान देर रात सुरक्षाबलों ने जंगल के अंदर बने एक आतंकी ठिकाने को ध्वस्त कर उसमें से भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद बरामद किया। गौरतलब है कि जब जिले में आतंकवाद का बोलबाला था तो मेंढर तहसील का बैरीरख जंगल आतंकियों के सबसे सुरक्षित ठिकाना माना जाता था। इस जंगल में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच करीब आधा दर्जन बड़ी मुठभेड़ें भी उन दिनों पेश आई थीं, जिसमें दर्जन भर आतंकी मारे गए थे और तीन से चार जवान भी शहीद हुए थे।