पुंछ। करमाड़ा क्षेत्र में मंगलावार को पाक अधिकृत क्षेत्र से पांच भैंसें भारतीय क्षेत्र में घुस आईं। पुलिस ने कब्जे में कर देखभाल के लिए गुलपुर के एक ग्रामीण सौंप दीं। इसके अलावा जिला प्रशासन को भी सूचित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर को पुंछ जिले के करमाड़ा में रंगड़ नाले की तरफ से पांच पीओके की भैंसें भारतीय क्षेत्र में घुस आईं। इसके बाद पुलिस ने देर शाम देखभाल के लिए गुलपुर निवासी मुश्ताक अहमद खान को सौंप दीं। खड़ी पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने बताया कि मामले के संदर्भ में उच्चाधिकारियों और प्रशासन को सूचित कर दिया है। सनद रहे कि नियंत्रण रेखा पार कर कुछ दिन पहले पीओके का बच्चा आ गया था। अब एक साथ पांच भैंसों के इस तरफ आने से सुरक्षा को लेकर प्रश्नचिह्न लग रहा है।