नौशेरा। पाकिस्तान ने शनिवार को एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन करते हुए नौशेरा के कलाल सेक्टर में भारी गोलाबारी की। सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया है। इसमें किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। एलओसी से सटे इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों में भय का माहौल है। इस माह सिर्फ नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान चार बार सीजफायर का उल्लंघन कर चुका है।
पाकिस्तान ने नौशेरा के कलाल सेक्टर के पोखरा इलाके में शनिवार की सुुबह 9.15 बजे छोटे-बडे़ हथियारों से जोरदार गोलाबारी शुरू कर दी। गोलाबारी शुरू होते ही सेना के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद धीरे-धीरे पाकिस्तान की तरफ से गोलाबारी की रफ्तार कम होती गई। दोनों तरफ से दोपहर में करीब 12.30 बजे तक रुक-रुक कर गोलाबारी जारी रही।
गौरतलब है कि 5 नवंबर को पाकिस्तान की तरफ से नौशेरा के कलाल सेक्टर में की गई गोलाबारी में एक जवान शहीद हो गया था। 13 और 14 नवंबर को भी पाकिस्तान ने नौशेरा सेक्टर में भारी गोलाबारी की थी। ब्यूरो