विजयपुर। गांव तमोर में तंत्र-मंत्र (झाड़-फूंक) के चक्कर में दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि सूफी ने उपचार कराने व्यक्ति पर रिवाल्वर से तीन गोलियां मारी दी। व्यक्ति मानसिक रोगी बताया जा रहा है। घायल व्यक्ति को सरकारी एक्सीडेंटल अस्पताल पहुंचाया गया जहां से चिकित्सकों ने उसे जीएमसी रेफर कर दिया। इसके अलावा इस विवाद में तांत्रिक का साथी भी घायल हुआ है। उसे भी जीएमसी ले जाया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गांव तमोर में शौकत चौधरी और उसका बेटा अली रजा झाडू फूंक करते हैं। हीरानगर निवासी चमन लाल (35) पुत्र काका राम मानसिक रोग से पीड़ित है। वीरवार को वह पत्नी के साथ उपचार के लिए गांव में पहुंचा। यहां उपचार में कुछ देरी होने लगी तो चमनलाल ने उसका कारण पूछा। इसे लेकर उनमें विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस बीच चमन लाल ने अली रजा पर लाठी से हमला कर दिया। इस पर अली रजा ने रिवाल्वर निकाल ली और चमनलाल पर तीन गोलियां दाग दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने से आसपास के लोग आ गए उनकी मदद से चमनलाल और अली रजा को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।