अखनूर। कस्बे के ज्यौड़ियां और सुंदरबनी रोड पर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। इस पर पुलिस ने दोनों मामले में केस दर्ज कर करवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार वीरवार की रात कस्बे के ज्यौड़िया रोड के गांव बल्ले बाग के पास अखनूर से रक्ख मुट्ठी जा रही सेना की जिप्सी की विपरीत दिशा से आ रही कार से भिड़ंत हो गई। हादसे मेें कार में बैठे चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके साथ ही सेना की जिप्सी में बैठे चार जवान भी घायल हो गए। चारों युवकों को उप जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां इनमें एक युवक सुनील कुमार निवासी थाती जंडियाल की मौत हो गई। जबकि अन्य घायल रोहित शर्मा, आदर्श शर्मा, विशाल कुमार निवासी अखनूर को प्राथमिक उपचार देकर डॉक्टरों ने जीएमसी रेफर कर दिया। उधर सेना की चारों जवानों को सेना अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल किया गया। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
दूसरी सड़क दुर्घटना कस्बे के सुंदरबनी रोड के गांव वगानटी के पास पर वीरवार की रात हुई। इसमें बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार तीन युवकों में से एक शाम लाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया। उधर वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।