जम्मू। सिद्दड़ा के बत्रा चौक पर प्रशासन की ओर से सील किए एक ढाबे पर चोरों ने वीरवार रात सेंध लगा दी। शातिर एक्सपायरी जूस को छोड़कर खाने-पीने के सामान के साथ रेफ्रिजरेटर और सिलिंडर चोरी कर ले गए।
बता दें कि तीन महीने पहले जिला प्रशासन ने सिद्दड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से बनीं दुकानों और रेस्तरां सील कर दिए थे। इसी कार्रवाई में यह ढाबा भी सील किया गया था। इसके मालिक गोविंद गुप्ता का कहना है कि प्रशासन ने दुकान को सील किया था, लेकिन वह साफ-सफाई के लिए बीच-बीच में दुकान को खोलते थे। शुक्रवार को जब पहुंचे तो पिछली तरफ का दरवाजा तोड़ा गया था। अंदर रखा सारा सामान गायब था। सिर्फ कुछ एक्सपायरी डेट का जूस बचा हुआ मिला। गोविंद ने इसकी शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करवाई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच के बाद जरूरी सुबूत जुटाए है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।