जम्मू। जम्मू शहर के सिद्दड़ा और अन्य क्षेत्रों में चोरियां करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए आठ शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो पठानकोट के रहने वाले हैं। इनसे 20 लाख रुपये से अधिक का चोरी का सामान बरामद किया गया है। जिसमें सोने चांदी के गहने, घड़ियां, मोबाइल फोन, लैपटॉप और कैमरे शामिल हैं। पुलिस ने चोरों को पकड़ने के साथ ही चोरी के चार मामलों को सुलझाने का दावा किया है। नगरोटा पुलिस थाने में इसे लेकर चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज हैं।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। इनमें मोहम्मद असलम निवासी मजीन, मोहम्मद यासिर निवासी बतरा, मोहम्मद रमजान निवासी मजीन और याकूब निवासी नरवाल बाला जम्मू शामिल हैं। इन लोगों ने माना कि वह एक मामले में शामिल हैं। इनके पास से 30 हजार रुपये के चोरी के गहने बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर उत्तर प्रदेश के रहने वाले मोहम्मद हबीब को पकड़ा और इससे पूछताछ में मोहम्मद सलीम निवासी सैफपुर रामराज (यूपी) का नाम सामने आया। इसको पुलिस ने मेरठ से पकड़ा। इन लोगों से पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि इनके साथ पंजाब के दो तस्कर भी शामिल हैं। जेके पुलिस ने पठानकोट पुलिस की मदद से दबिश देकर पवन कुमार और राकेश को पठानकोट से दबोचा। इन लोगों के पास से करीब तीन दर्जन सोने-चांदी के गहने, मोबाइल, लैपटॉप, वाशिंग मशीन, टेबलेट आदि 50 से अधिक आइटम बरामद की गई हैं।