सांबा। रामगढ़ थाना क्षेत्र के सीमावर्ती पंचायत चक नाजर के गांव नंदपुर के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में रविवार रात को शरारती तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ और जिम के सामान को आग के हवाले करने के मामले की अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई गई है। स्कूल में जिम का सामान सेना की ओर से उपलब्ध कराया गया था। लेकिन अभी तक किसी ने पुलिस के पास मामला दायर करवाने की जहमत नही उठाई है ना तो स्कूल प्रशासन ने और ना ही स्थानीय लोगो ने। पुलिस ने स्वयं ही मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
गौरतलब है कि रविवार की रात को कुछ शरारती तत्वों ने नंदपुर के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में तोड़फोड़ की और सेना की 23 सिख रेजिमेंट की ओर से आपरेशन सद्भावना के तहत गत वर्ष 2017 में 38 लाख की लागत से उपलब्ध कराए गए जिम व खेल के सामान को आग लगा दी। सोमवार को जब स्कूल में शिक्षक और स्टाफ के लोग पहुंचे तो इस मामले का पता चला। इस संबंध में पुलिस के पास केवल सूचना ही दी गई। किसी ने भी मामला दर्ज नहीं कराया। दूसरी तरफ पुलिस ने अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए इसकी रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस को अभी इस मामले में कोई सुराग नहीं लगा है।
--------
क्या कहते हैं अधिकारी
स्कूल के प्रधानाचार्य प्रकाश थापा ने सूचना दी थी कि उनके स्कूल में रखे सामान को किसी ने जला दिया है। अगर कोई मामला दर्ज कराएगा तो किया जाएगा। मामला दर्ज करने के लिए किसी ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने स्वयं ही सरकारी पर्चा दायर किया है। जांच शुरू कर दी गई है। लोगों से पूछताछ की जा रही है।
-इंदर पाल सिंह, थाना प्रभारी, रामगढ़