सांबा। जिले के नानक चक और बाड़ियां क्षेत्र में मंगलवार रात को चोरों ने दस दुकानों के ताले तोड़ कर चोरी की। कई दुकानों के केवल ताले ही टूटे मिले। उनमें चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दिया गया। एक साथ दस दुकानों में हुई चोरी से दुकानदारों और अन्य में काफी दहशत है।
जानकारी के अनुसार नानका चक के सूरज कुमार के किराना स्टोर में हुई चोरी में करीब 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा नानक चक में एक मेडिकल स्टोर के मालिक पुरुषोत्तम लाल के अनुसार उनकी दुकान से 2200 रुपये की चोरी हुई है। बाडियां में एक मेडिकल स्टोर के मालिक रवि कुमार के अनुसार कि उनकी दुकान से 2000 रुपये की चोरी हुई है। नानक चक में एक ट्रक न. जेके 02 एजे- 0570 जो हाईवे पर खड़ा था, को चोर ले उडे़, जिसे चालक मदन लाल चलाता था। इसकी रिपोर्ट ट्रक मालिक सुरिंदर लाल निवासी सांबा ने शिकायत की है। वहीं बाड़ियां में एक मिठाई की दुकान के मालिक ताराचंद के अनुसार उनकी दुकान का ताला तोड़ा गया, जबकि कोई नुकसान नहीं हुआ। बाड़ियां में ही एक नाई अश्वनी कुमार की दुकान का ताला तोड़ा गया। जबकि वहां कोई भी चोरी नहीं हुई। बाड़ियां में ही एक किराना स्टोर के मालिक प्यारा सिंह के अनुसार कि उनकी दुकान का भी केवल ताला ही टूटा मिला।
वहीं सुजंमा में भी एक दुकान के ताले टूटे मिले। उक्त दुकान के मालिक के अनुसार दुकान में चोरी नहीं हुई है। बाड़ियां में एक आइसक्रीम कॉर्नर के मलिक विपिन सिंह के अनुसार उनकी दुकान का भी केवल ताला ही टूटा है। चोरी की इन वारदातों का पुलिस ने संज्ञान लिया है चोर गिरोह को पकड़ने में जुट गई है।