बिश्नाह। क्षेत्र के गांव खैरी में शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में शनिवार को सरपंचों, पंचों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए लोग दुकान बंद कराने को लेकर उग्र हो गए और कुछ लोगों ने शराब की दुकान के सेल्समैन से मारपीट और दुकान के अंदर रखी शराब की बोतलें बाहर फेंक दीं। इस मामले में पुलिस ने सात सरपंचों-पंचों और 40 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को गांव खैरी में शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में कई गांव के सरपंच, पंच और सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए, और दुकान बंद कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर लगे। आरोप है कि इस दौरान प्रदर्शनकारी इतने उग्र हो गए कि उन्होंने शराब की दुकान के सेल्समैन से खींचतान और मारपीट की। इसके साथ ही दुकान में रखी शराब की बोतलों भी तोड़ डालीं।
इस मामले को लेकर नितिन शर्मा, गांव रमू ब्राह्मणा तहसील रामगढ़ ने बिश्नाह थाने में चार सरपंच, जिनमें विजय सैनी खैरी, विपिन सिंह सरपंच सरोर, विभीषण सिंह उर्फ पिंका, जितेंद्र सिंह सरपंच चक यराला और तीन पंच राजाराम, मक्खन लाल व एक अन्य और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नितिन शर्मा ने अपनी शिकायत में दुकान में लूटपाट होने का भी केस दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार सेल्समैन के साथ मारपीट की फुटेज की जांच के बाद अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामले दर्ज होंगे। क्योंकि लोगों ने गुस्से में उग्र प्रदर्शन करते ही शराब की दुकान को लूटे जाने और सेल्समैन के साथ मारपीट की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद है।