मीरां साहिब। कस्बे से सटे गांव में वीरवार की रात एक महिला के पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर लटकी मिली। उसकी पहचान सुषमा देवी (33) पत्नी विमल लखोत्रा निवासी मरालिया मीरां साहिब के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि वीरवार शाम को सुषमा का पति विमल से झगड़ा हुआ था। वह मायके जा रही थी। इस पर विमल ने उसे रोक लिया और अपने साथ घर ले आया। रात के समय सुषमा के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मीरां साहिब थाने में दी गई। पुलिस के पहुंचने के पहले ही महिला को गांधी नगर अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत लाया घोषित करने पर शव को जीएमसी की मोर्चरी में ले जाया गया।
सुषमा देवी की मां रतनो देवी व भाई राजेंद्र कुमार का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या कर पंखे से लटकाया गया है और इसे आत्महत्या करने का रंग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष पूर्व विमल से शादी हुई थी और दो बच्चे हैं। विमल अकसर उसके साथ मारपीट करता था और लगभग दो वर्ष तक मायके में रहने के बाद बिरादारी के लोगों की सहमति से उसे भेजा गया। उन्होंने कहा कि सुषमा की हत्या करने में विमल सहित अन्य लोग भी शामिल हैं। जिन्होंने उसे मारकर गले में दुपट्टा बांधकर पंखे से लटकाया। उन्होंने पुलिस से दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
दूसरी ओर मीरां साहिब पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए सुषमा के पति विमल को हिरासत में लेने के साथ घर में पहुंच उसके कमरे की जांच की। यहां महिला पंखे के साथ लटकी होने पर मृत पाई गई थी। जेएंडके वटवाल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान पृथ्वी सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने बताया कि जम्मू मेडिकल कॉलेज में सुषमा के शव का पोस्टमार्टम करने के लिए डॉक्टरों की एक टीम का पैनल बनाया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव दिया जाएगा।
-----
सुषमा के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के साथ मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-सुल्तान मिर्जा, थाना प्रभारी, मीरां साहिब