आरएस पुरा। कस्बे से बाइक पर गांव सतराइयां जाते समय एक युवक से बदमाशों ने 16 हजार रुपये लूट लिए। लूटपाट की इस वारदात से लोगों में काफी दहशत है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना शनिवार रात दस बजे की है।
शनिवार को राजू चिब कुमार मोटरसाइकिल से गांव सतराइयां जा रहे थे। इस बीच गांव सिदुडे़ के पास उन्हें कुछ बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने राजन को धमकाने के साथ उनसे छीना झपटी शुरू कर दी और उनका पर्स निकाल लिया। पर्स में 16 हजार रुपये रखे थे। बदमाशों ने उनसे रुपये लूट लिए और भाग निकले। गांव पहुंचकर राजन ने इस बारे में लोगों को जानकारी दी और आरएस पुरा पुलिस में लूटपाट की शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर बाइक रोककर लूटपाट की गई है उसी स्थान के पास तीन-चार दिन पहले प्रवासी मजदूरों को भी लूटा गया था। सरपंच जंगी लाल ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में सक्रिय ऐसे गिरोह का पता लगाकर लोगों को लुटेरों के आतंक से मुक्ति दिलाई जाए। लूटपाट की इस प्रकार की घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत है। उधर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।