आरएस पुरा। रायपुर गुजरां गांव की माइनर नहर से अज्ञात शव मिलने से सनसनी मच गई। चालीस वर्ष के बताए जा रहे इस अज्ञात मृतक के हाथ और पैर तार से बांधे गए थे। शव को चादर में लपेटकर माइनर नहर में फेंका गया था। शव पर कई चोटों के निशान भी मिले हैं। प्रथम दृष्टया इस मामले को निर्मम हत्या के तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल संदिग्ध मौत की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को ग्रामीणों ने आरएस पुरा पुलिस को अज्ञात शव मिलने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी पहचान नहीं होने पर शवगृह में रखवा दिया है। शव पर कई चोटों के निशान हैं और हाथ-पैर तार से बंधे होने पर पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे हत्या से जोड़ का जांच कर रही है। फिलहाल रायपुर गुजरां में माइनर नहर में बहकर शव पहुंच पाना काफी मश्किल है, जिस कारण इसे हत्या कर फेेंकने का अंदेशा है। इसकी भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने धारा 174 के अंतर्गत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।