रेहड़ी य़ुनियन के सदस्य कमेटी अघिकारी के साथ बहस करते हुए।
- फोटो : REASI
रियासी। म्यूनिसिपल कमेटी तथा रेहड़ी यूनियन के बीच आपसी विवाद थमता नहीं रहा है। शनिवार को भी रेहड़ी जब्त करने आए म्यूनिसिपल कमेटी के अधिकारिओं तथा रेहड़ी यूनियन के सदस्यों के बीच झड़प हुई तथा एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए गए। शनिवार को ईओ मदन लाल खिलाफवर्जी इंस्पेक्टर ओम प्रकाश रेहड़ी लगाने वाले नए स्थान पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मौके पर लगाई गई रेहड़ी वालों के लाइसेंस जांचे।
ईओ के अनुसार कुछ लोगों ने बिना लाइसेंस के रेहड़ी को लगाया हुआ है। जांच के दौरान तीन रेहड़ी वालों के पास लाइसेंस अथवा किसी प्रकार की अनुमति नही पाई गई, जिसके बाद तीन रेहड़ी को जब्त कर लिया गया। इस दौरान कुलचा बेचने वाले एक रेहड़ी वाले पर कार्रवाई होने के दौरान मौके पर मौजूद रेहड़ी यूनियन के सदस्य भड़क उठे। मौके पर उपस्थित अधिकारिओं पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए स्थानीय युवा बेरोजगारों को तंग करने की बात की गई। यूनियन के सदस्यों ने कहा कि कमेटी बाहरी इलाकों से आए लोगों से रुपये लेकर रेहड़ी लगवाती है। ईओ मदन लाल ने बताया कि बिना लाइसेंस के रेहड़ी नहीं लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ लोग फिर से अतिक्रमण करने की फिराक में हैं जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी कार्रवाई जारी रहेगी।