फोटो 01 जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को जागरुक करते हुए डीटी ट्रैफिक सुंदरबनी मंजूर कोहली
सुंदरबनी। जम्मू-पुंछ राजमार्ग के ठंडा पानी स्थित मुख्य दरिया के साथ लगते मोड़ पर राजोरी से जम्मू आ रही बस मोड़ काटते हुए संतुलन खोने के कारण सड़क पर ही पलट गई। इसमें चार यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों में अजीत सिंह पुत्र बिहारी सिंह निवासी पलौड़ा जम्मू, वंदना कुमारी (37) पत्नी चेतन शर्मा निवासी तालाब तिल्लो जम्मू, वाहिद हुसैन (21) पुत्र अरशद हुसैन निवासी सुरनकोट और अरशद हुसैन (50) पुत्र मोहम्मद शरीफ निवासी सुरनकोट घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक इलाज के लिए उप जिला अस्पताल सुंदरबनी लाया गया, यहां पर उनका इलाज चल रहा है। इस संदर्भ में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर सुंदरबनी डॉ. मीना कुमारी ने बताया कि चारों मरीजों को सिर में एवं शरीर के अन्य भागों में चोटें आई हैं। उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शी हरविंदर सिंह व राकेश कुमार का कहना था कि बस का चालक अचानक मोड़ काटते समय अपनी गति पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वह सड़क पर ही पलट गई। थाना प्रभारी सुंदरबनी राजीव शर्मा एवं डीटीआई सुंदरबनी मंजूर कोहली अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस में बैठे सभी यात्रियों का रेस्क्यू किया और गंभीर रूप से घायल चार लोगों को सुंदरबनी के उप जिला अस्पताल पहुंचाया।
फोटो 01 हादसे का शिकार हुई वीडियो कोच बस जम्मू पुंछ राष्ट्रीय मार्ग पर पलटी हुई