- आरोपियों से 40 ग्राम हेराेइन, एक पिस्टल और कारतूस बरामद
- पुलिस ने कार के टायर पर फायर कर आरोपियों काबू किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरां साहिब। पुलिस ने कुख्यात नशा तस्कर दिलबाग सिंह निवासी मलिकपुर, मीरां साहिब को उसके तीन साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हेरोइन और पिस्टल के साथ कारतूस बरामद किए गए हैं। मीरां साहिब थाने की पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम रिंग रोड पर नाका लगाया था। पुलिस ने एक स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने फायरिंग कर टायर फोड़कर कार को रोका। इसमें सवार आरोपियों की तलाशी लेने पर उनसे 40 ग्राम हेरोइन, एक पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने कार जब्त कर ली है।
एसडीपीओ आरएस पुरा गुरमीत सिंह ने बताया कि दिलबाग सिंह एक ड्रग पैडलर है। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। गिरफ्तार किया गया उसका साथी संदीप शर्मा निवासी इंदिरा नगर भी कई मामलों में शामिल है। नमन कुमार निवासी नौग्रा, बिश्नाह व सनी शर्मा निवासी इंदिरा नगर को भी पकड़ा गया है। थाना प्रभारी मीरां साहिब जतिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। बरामद नशीले पदार्थ और हथियारों के पीछे के नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ मीरां साहिब थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।