सांबा। पुलिस ने बाड़ी ब्राह्मणा के बलोल खड्ड इलाके में छापा मारा। इस दौरान एक महिला समेत छह लोगों को हिरासत में लिया गया और 11 मोटरसाइकिल व एक तेज़धार हथियार भी जब्त किया।
एसडीपीओ और एसएचओ बॉडी ब्राह्मणा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत मादक पदार्थ नेटवर्क को समाप्त करने के लिए कार्रवाई की गई। सुबह लगभग सात बजे की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला समेत छह लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और मादक पदार्थ तस्करी में प्रयुक्त होने के शक में 11 दोपहिया वाहनों को भी जब्त किया है। इसके अलावा पुलिस ने गुज्जरों के डेरों में तलाशी के दौरान तेज़धार हथियार (टोका) भी बरामद किया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में मस्कीन अली पुत्र लाल हुसैन निवासी राजबाग कठुआ, जाहिद जावेद पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी छनी रामा जम्मू, फ़तेह मोहम्मद पुत्र फ़िरोज़दीन निवासी बलोल खड्ड, मजीद पुत्र फ़िरोज़दीन निवासी बलोल खड्ड, बरकत अली पुत्र फ़तेह मोहम्मद निवासी बलोल खड्ड व एक महिला मानी बीबी पत्नी मोहम्मद हुसैन निवासी बलोल खड्ड शामिल हैं।
इसी क्षेत्र के नशा तस्करों ने नौ अप्रैल को पुलिस पार्टी पर हमला किया था। इसमें एसएचओ और एसआई घायल हुए थे। इलाके में चिट्टा तस्करी को लेकर बड़े स्तर पर विरोध के बाद पुलिस कार्रवाई लगातार जारी है। इस संदर्भ में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।