राजोरी। राजोरी के झूला पुल के पास बुधवार और वीरवार की मध्य रात्रि जूते-चप्पल की दुकान में आग लग गई। इसमें करीब 10 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान होने का अनुमान है।
दुकान के मालिक रवि कुमार शर्मा हैं। घटना के समय दुकान बंद थी। सूत्रों के अनुसार स्थानीय लोगों ने आधी रात को करीब दो बजे आग की लपटें देखीं। उन्होंने तुरंत शर्मा और दमकल विभाग को सूचना दी।
जब तक शर्मा मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने दुकान के सामान को अपनी चपेट में ले लिया था। इसके तुरंत बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
शर्मा ने कहा कि दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया है। उन्हें 10 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक आग लगने का कारण अज्ञात है।