जम्मू। एंटी करप्शन ब्यूरो ने सिकाप के पूर्व एमडी भूपिंदर सिंह दुआ के खिलाफ बेनामी संपत्ति का केस दर्ज किया है। आरोपी के घर पर छापा मारकर 60 लाख का सोना, दस लाख की नकदी और हजारों रुपये की चांदी बरामद की गई थी। यहीं नहीं, आरोपी और उसके परिवार के नाम कई फैक्ट्रियां चल रही हैं। कई व्यवसायिक वाहन भी हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है। कुछ दिन पहले भी एटी करप्शन ब्यूरो ने दुआ के घर पर छापा मारकर दस लाख की नकदी और लाखों रुपये के गहने बरामद किए थे।
दुआ पर आरोप है कि उसने अपने भतीजे जसविंदर सिंह दुआ की सिकाप में अवैध रूप से नियुक्ति कराई। इसके बाद उसे कम वक्त में प्रमोशन दी गई। अब जसविंदर हैंडीक्राफ्ट कारपोरेशन में एमडी है। ब्यूरो की टीम ने छापे के दौरान 1.834 किलो सोने के गहने, 1.470 किलो चांदी के गहने, 9,57,400 की नकदी बरामद की। इसके अलावा सीक्रेट जांच में पाया गया है कि दुआ ने अपने पद का गलत इस्तेमाल किया। अपने परिवार और खुद के नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्ति खड़ी कर दी। अलग-अलग नामों की 9 फैक्ट्रियां दुआ और उसके परिवार के नाम पर हैं। इसमें माडर्न प्लास्टिक, नेप्ट्यून प्लास्टिक और माडर्न फैब्रिकेशन शामिल हैं। बड़े पैमाने पर ट्रक और लोड कैरियर भी अपने परिवार और खुद के नाम पर खरीद रखे हैं। आरोपी का नानक नगर में डबल स्टोरी बंगला भी है जो दो कनाल जमीन पर बना है। उसने अपने कार्यकाल के दौरान बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करते हुए करोड़ों की बेनामी संपत्ति खड़ी की।