- जलालाबाद में नाका देखकर भागा, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
- मोबाइल की जांच में संदिग्ध चैट मिली, पूछताछ जारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बठिंडी में रह रहे एक व्यक्ति को सीमा पार कनेक्शन होने पर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के मोबाइल एप और व्हाट्सएप पर संदिग्ध चैट व आपत्तिजनक सामग्री मिली है। बताया जा रहा है कि पूछताछ में आरोपी ने अभी तक कुछ खुलासा नहीं किया है। मामले में देर रात तक आरोपी से पूछताछ जारी रही।
रात करीब 11 बजे पुलिस पोस्ट बठिंडी की टीम सुजवां रोड पर नाके पर थी। पुलिस का कहना है कि एक व्यक्ति बठिंडी से जलालाबाद की तरफ आ रहा था। चेकिंग प्वाइंट देखकर वह मुड़कर भागने लगा। टीम अलर्ट हुई और पीछा कर उसे पकड़ लिया। पहले उसका मोबाइल फोन चेक किया गया। इसमें सेशन एप और व्हाट्सएप में संदिग्ध चैट पाई गई।
-
रियासी का रहने वाला है मोहम्मद साजिद
पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान मोहम्मद साजिद निवासी रियासी के रूप में बताई है। पुलिस थाना बाहु फोर्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। संदेह जताया जा रहा है कि आरोपी सीमा पार पाकिस्तान में महत्वपूर्ण जानकारियां दे रहा था जो देश की एकता और अखंडता के लिए हानिकारक है। पुलिस पता लगा रही है कि कब से इसका कनेक्शन सीमा पार से है। अभी तक कौन-कौन सी जानकारी साझा की गई है। क्या यहां पर बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी तो नहीं है। कुल मिलाकर तमाम बिंदुओं पर पुलिस पूछताछ कर रही है। सूचना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी थाने में पहुंचे हैं।