- मास्क के कारण सीसीटीवी में नहीं दिखा चेहरा, बैंक से बाहर निकलते ही करने लगा था पीछा
- निकासी फॉर्म भरने के लिए महिला ने ली थी अनजान युवक की मदद, झज्जर कोटली पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। बैंक में पैसे निकालने पहुंची एक महिला को अनजान युवक से मदद लेना भारी पड़ गया। युवक ने पहले निकासी फॉर्म भरने में मदद की और फिर महिला के 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
आरोपी ने बैंक से बाहर निकलने के बाद महिला का पीछा किया और कुछ दूरी पर मौका पाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया। पीड़िता की शिकायत पर झज्जर कोटली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शेली गांव निवासी शकुंतला देवी मंगलवार को झज्जर कोटली स्थित बैंक में पैसे निकालने गई थीं। निकासी फॉर्म भरना नहीं आने पर उन्होंने वहां मौजूद एक अज्ञात युवक से मदद मांगी। युवक ने फॉर्म भर दिया और इस दौरान महिला की गतिविधियों पर नजर रखी।
महिला ने बैंक से 50 हजार रुपये निकलवाए और नकदी बैग में रखकर बाहर आ गईं। इसके बाद आरोपी भी उनके पीछे चल पड़ा। बैंक से कुछ दूरी पर पहुंचते ही उसने अचानक महिला का बैग छीन लिया और फरार हो गया।
घटना के समय महिला अकेली थीं। पुलिस बैंक परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपी ने मास्क पहना हुआ था, जिस कारण कैमरों में उसका चेहरा स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहा है। पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी है।
-