- शालामार अस्पताल में तड़के वारदात, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
- माता-पिता का दावा - पर्स में रखे सोने के कंगन और चेन भी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। कैंसर पीड़ित 12 वर्षीय बेटी के इलाज के लिए अस्पतालों में भटक रहे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शालामार सरकारी अस्पताल में शनिवार तड़के थकान से चूर होकर वार्ड में नींद आने पर मां के बैग से साढ़े तीन लाख रुपये चोरी हो गए। तालाब तिल्लो निवासी मां भावना गुप्ता ने दावा किया कि बैग में छोटे पर्स में रखे सोने के कंगन और चेन भी चोर ले गए हैं। उन्होंने बताया कि बेटी को इलाज के लिए वे पीजीआई चंडीगढ़ लेकर गए थे। वहां से उन्हें कीमो करवाने के लिए जम्मू भेजा गया था। बीते मंगलवार वे शालामार अस्पताल पहुंचे थे। कीमो करवाने के बाद उन्हें फिर पीजीआई जाना था लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई। इससे बेटी के इलाज की उम्मीद टूटती नजर आ रही है। भावना ने दावा किया कि सोशल मीडिया में वीडियो डालकर लोगों से मदद मांगी थी जिससे यह रकम जुटाई गई। इलाज के लिए गहने भी बचेने थे।
पिता साहिल गुप्ता ने बताया कि बीते मंगलवार वे शालामार अस्पताल पहुंचे थे। शनिवार सुबह वार्ड में माैजूद लोगों ने उन्हें बताया कि आपका बैग खुला है। जब देखा तो इसमें रखे पैसे और गहने चोरी हो गए थे। वार्ड के अंदर सीसीटीवी कैमरा लगा है, लेकिन वे लोग वार्ड के बाहर फर्श पर सो रहे थे। इससे चोर का कोई सुराग नहीं लगा है। पत्नी का रो-रोककर बुरा हाल है। बेटी भी इस घटना से सहमी हुई है। उसकी हालत गंभीर होती जा रही है। अब कीमो बंद कर दी गई है। डाॅक्टरों का कहना है कि जब हालत में सुधार होगा तो कीमो दी जाएगी। साहिल ने बताया कि अस्पताल के अंदर पुलिस चाैकी में शिकायत दर्ज करवाई है।
-
मामला सिटी थाने में ट्रांसफर किया गया है। एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित परिवार का दावा है कि बैग से साढ़े तीन लाख रुपये और गहने चोरी हुए हैं। तहकीकात के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। शक्ति शर्मा, एसएचओ, सिटी थाना
-
एक दिन पहले भी मरीज की जेब
से निकाल लिए गए 45 हजार
बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार शालामार अस्पताल में इलाज करवाए आए एक मरीज की जेब काट ली गई। चर्म रोग की समस्या होने पर योगेश्वर सिंह उपचार कराने के लिए अस्पताल आए थे। उन्होंने दावा किया कि जेब से 45 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। वह डाॅक्टर के परामर्श पर टेस्ट के लिए फीस जमा कराने के लिए काउंटर के बाहर लाइन में खड़े थे। पैसे निकालने के लिए जेब में हाथ डाला तो जेब कट चुकी थी। सिटी थाने में शिकायत दी गई है। योगेश्वर की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला है। चोर की तलाश की जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और तीमारदारों को सतर्क रहने की सलाह दी है।