-वीरवार रात लोअर रूपनगर में दोस्तों के साथ समारोह में गया था पवन, जीएमसी में तोड़ा दम
-रिंग रोड घूमने के बाद जानीपुर पहुंचे थे दोस्त, केक लगाने और मजाक के दौरान बिगड़ा माहौल, तीन अन्य पर भी हमले का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो, जम्मू। जानीपुर के लोअर रूपनगर में वीरवार रात करीब नौ बजे जन्मदिन की पार्टी में दोस्तों के बीच हुआ हंसी-मजाक खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस के अनुसार नीरज और अंकुश ने तेली बस्ती (बाड़ी ब्राह्मणा) निवासी पवन (35) पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे जीएमसी जम्मू लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। जानीपुर थाना प्रभारी शारिक माजिद भट ने बताया कि नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया है। अंकुश की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार नीरज का जन्मदिन था। इसी मौके पर वह अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। सभी पहले रिंग रोड की तरफ गए। इसके बाद बख्शीनगर में केक काटने की बात हुई। वहां से वे लोअर रूपनगर पहुंचे। गाड़ी रोकने के बाद दोस्त आपस में हंसी-मजाक करने लगे। जन्मदिन की खुशी में दोस्तों ने नीरज के चेहरे पर केक लगा दिया। कुछ देर तक माहौल सामान्य रहा। इसके बाद किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार इसी दौरान नीरज और अंकुश ने पवन के गले पर तेज धार हथियार से वार कर दिया।
बाकी दोस्तों पर भी हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार घटना के समय गौरव सिंह निवासी ऊधमपुर, सुगंध भट्टी निवासी बख्शीनगर और जन सोत्रा निवासी कोट भलवाल भी मौजूद था। आरोप है कि पवन पर हमला करने के बाद दोनों आरोपियों ने अन्य युवकों पर भी हमला किया। पवन नगर निगम में काम करता था। उसकी तीन बेटियां हैं। मौत की खबर मिलते ही परिवार रोते हुए अस्पताल पहुंचे।