जम्मू। न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर धोखाधड़ी मामले में क्राइम ब्रांच ने बुधवार को दो आरोपियों के खिलाफ चालान पेश कर दिया। बेरोजगार युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर हजारों रुपये की ठगी मामले में पठानकोट के राजविंदर सिंह और अजय कुमार निवासी रामगढ़ (सांबा) पर केस दर्ज है। क्राइम ब्रांच ने पंजाब और अन्य जगहों पर छापामारी कर दोनों को गिरफ्तार किया था।
रामगढ़ के रहने वाले राजेश कुमार ने क्राइम ब्रांच के पास शिकायत दर्ज कराई थी कि 2016 में आरोपियों ने न्यूजीलैंड भेजने के लिए उससे 10 हजार रुपये लिए थे। इसके बाद एक लाख रुपये और मांगे। आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी दोनों आरोपियों ने न तो वीजा दिया और न ही पैसे लौटाए। इसके बाद पीड़ित क्राइम ब्रांच पहुंचा। क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज कर जांच शुरू की तो ठगी के आरोप सही पाए गए। ब्यूरो