जम्मू। राज्य के मुख्य सचिव बीका पीए बनकर लोगों को ठगने वाले आरोपी के खिलाफ चालान पेश किया गया। क्राइम ब्रांच ने वीरवार को कोर्ट में चालान पेश किया। जांच में सामने आया है कि वह 22 लोगों को ठग चुका था। इसमें कई सरकारी मुलाजिम भी हैं।
जुलाका मोहल्ला जम्मू के रहने वाले अश्विनी भारद्वाज को 14 जून क्राइम ब्रांच ने दबोचा था। तब से मामले में जांच चल रही थी। जांच पूरी होने के बाद चालान पेश हुआ। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में न सिर्फ प्रोफेशनल तरीके से जांच की, बल्कि कोर्ट में दो बार ऐसे रिकार्ड पेश किए, जिससे आरोपी की दो बार जमानत अर्जी खारिज हो गई। अश्विनी ने कोर्ट में दो बार जमानत के लिए अर्जी की, लेकिन क्राइम ब्रांच ने कोर्ट में ऐसा ग्राउंड बनाकर पेश किया, जिससे जमानत नामंजूर हो गई। बहुत ही कम समय में क्राइम ब्रांच ने इस मामले में चालान पेश कर दिया। यह मामला तब सामने आया था, जब कश्मीर टूरिज्म के निदेशक ने क्राइम ब्रांच के पास शिकायत दर्ज कराई। दरअसल, आरोपी ने लेह के सहायक निदेशक को मोबाइल पर फोन किया। कहा कि वह चीफ सेक्रेटरी का पीए बोल रहा है और उसके खाते में 20 हजार रुपये जमा कर दें। क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच करने के बाद पाया कि आरोपी ने इसी तरह से 21 अन्य लोगों से भी पैसे ठगे हैं।