जम्मू। शहर में दिनदहाड़े एटीएम लूटने का मामला सामने आया है। वीरवार सुबह करीब 10 बजे शहर के शिव मंदिर नरवाल पन्नी सतवारी स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम में तीन शातिरों ने लूट का प्रयास किया। उन्होंने कटर से एटीएम मशीन को काटने की कोशिश की। हालांकि एटीएम में तैनात सुरक्षा गार्ड सुरजीत सिंह ने मुस्तैदी से चोरी के प्रयास को विफल कर दिया। सुरक्षा गार्ड ने चोरी की कोशिश करने वाले तीन लोगों में से एक को दबोच लिया और पुलिस के हवाले किया।
हरियाणा नंबर की गाड़ी नंबर (एचआर06- 4615) में सवार तीन लोग एटीएम के बाहर उतरे। पहले दो लोग एटीएम के अंदर गए और फिर कुछ समय बाद तीसरा व्यक्ति भी अंदर चला गया। तीनों करीब15 मिनट से एटीएम के अंदर रहे। इस दौरान जब सुरक्षा गार्ड ने अंदर जाकर देखा तो वे एक कटर से एटीएम मशीन को काट रहे थे। इस दौरान गार्ड ने उन्हें रोका। इस बीच मौका देखकर दो लोग फरार हो गए, जबकि एक को सुरक्षा गार्ड ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
एटीएम के सुरक्षा गार्ड राजेंद्र सिंह ने कहा कि हो सकता है कि इन लोगों ने पहले एटीएम की रैकी की हो। उन्होंने कहा कि तीनों लोगों ने एटीएम को काटने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। तीन लोगों में से पकड़े गए एक की पहचान संजय कुमार पुत्र राम स्वरूप निवासी हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। एटीएम गार्ड की बहादुरी कि पुलिस और स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की है।