जम्मू के सतवारी क्षेत्र के फ्लाय मंडाल पुलिस चौकी को आतंकियों ने टाइमर लगे आईईडी से उड़ाने की साजिश रची थी। सोमवार की रात पुलिस चौकी के पास एक बैग से बरामद दोनों आईईडी में घड़ी को टाइमर के रूप में लगाया गया था, जिसकी सुइयां चल रहीं थीं। डेटोनेटर भी लगा हुआ था। अब तक की जांच के अनुसार यह आईईडी फ्लाय मंडाल पुलिस चौकी को उड़ाने के लिए रखी गई थीं। बहरहाल, दोनों आईईडी बम निरोधक दस्ते की मदद से निष्क्रिय कर दी गई हैं।
पुलिस ने फ्लाय मंडाल पुलिस चौकी के आसपास घटना के पहले इस्तेमाल होने वाले मोबाइल फोन की जानकारी जुटाना शुुरू कर दी है। उस समय फ्लाय मंडाल के पास मौजूद रहने वाले लोगों की लोकेशन जांची जा रही है। उनका पता लगाकर पूछताछ की जाएगी। अब तक यह पता नहीं लग पाया है कि यह आईईडी किसने रखी थी और कहां से लाई गई थी।
चौकी में नहीं हैं सीसीटीवी
फ्लाय मंडाल पुलिस चौकी में सीसीटीवी नहीं लगे हुए हैं। चौकी के पास एक खेत में यह आईईडी रखी गई थी जिसे धान की कटी फसल के ऊपर ही रखा गया था। इसके ठीक पास पुलिस चौकी का संतरी ड्यूटी दे रहा था, लेकिन आईईडी ऐसी जगह रखी गई थी कि उसकी नजर न पड़े।
फ्लाय मंडाल में आतंकी माड्यूल सक्रिय
पुलिस सूत्रों का कहना है कि फ्लाय मंडाल क्षेत्र में किसी स्थानीय के आतंकी नेटवर्क में शामिल होने का शक है। इसी की मदद से इलाके में लगातार हथियार आ रहे हैं। माना जा रहा है कि इस क्षेत्र में आतंकी माड्यूल काम कर रहा है। दो अक्तूबर 2021 को सुहांजना के पास हथियार बरामद हुए थे। इस वर्ष 18 अगस्त को भी फ्लाय मंडाल में हथियार बरामद हुए थे। यह हथियार जेल में बंद पाकिस्तानी आतंकी की निशानदेही पर बरामद हुए थे। हालांकि बरामदगी के दौरान आतंकी ने पुलिस पर हमला करने का भी प्रयास किया था जिसे मार गिराया गया।