विजयपुर। थाना अंतर्गत में तीन दिन पूर्व बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म करने के आरोपियों का पुलिस अभी अभी तक सुराग नहीं लगा पाई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई। साथ ही संभावित स्थानों पर दबिश भी दी जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व 65 वर्षीय महिला घर से सुबह सैर करने गई थी। थोड़ी दूर ही उसको अज्ञात गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे वह बेहोश हो गई। उसके बाद जब उसे होश आया तो घर से काफी दूर थी। क्षेत्र के लोगों ने जब उसको बेहोश अवस्था में देखा तो उसे विजयपुर एक्सीडेंट हॉस्पिटल पहुंचाया। होश में आने पर महिला ने बताया कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। महिला की शिकायत पर पुलिस की देखरेख में उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी तक दुष्कर्म के आरोपियों का पुलिस सुराग नहीं लगा पाई है। इस संबंध में एसएसपी राजेश शर्मा का कहना है कि विजयपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और टीम का भी गठन किया गया है। पुलिस टीम जगह-जगह जाकर छापामार कार्रवाई कर रही है जल्द ही गाड़ी सहित आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।