ज्यौड़ियां। खडाह-बली के गांव सजवाल (खडाह) में बुधवार की सुबह करीब 7.45 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। इसमें एक की मौत और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक गांव खडाह निवासी रामपाल शर्मा पुत्र विशन दास शर्मा गांव के जनक राज का ट्रैक्टर चलाता था। वह रोज की तरह सुबह ट्रैक्टर लेकर गांव सजवाल (खडाह) निवासी किसान बलवान सिंह के खेत की जुताई जा रहा था। ट्रैक्टर पर बलवान सिंह भी बैठा था, लेकिन चलते-चलते खेत के एक ऊंचे किनारे पर पहुंचकर ट्रैक्टर पलट गया और ट्रैक्टर के चारों टायर ऊपर हो गए। इसमें ट्रैक्टर का चालक रामपाल शर्मा तथा किसान बलवान सिंह नीचे आ गए। उनकी चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए और दोनों को काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे से निकाला और अखनूर अस्पताल में पहुंचाया। इसमें रामपाल शर्मा की अखनूर से पहले ही मौत हो गई, जबकि किसान बलवान सिंह के जीएमसी में इलाज चल रहा है।
----------
छात्र की मौत की मौत से परिजनों को गहरा आघात
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। राज्य शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा के घोषित परिणाम में मेरिट सूची में शामिल होने से पिछडे़ छात्र ने गांव बंदराल में एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना मंगलवार बाद दोपहर करीब पांच बजे की है। कुछ लोगों ने किशोर के शव को फंदे से लटका देखा तो इसकी सूचना गांव पंचायत के लोगों को दी। उसकी पहचान अमनदीप सिंह (16) पुत्र बोध सिंह के रूप में हुई है। छात्र की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सोमवार को दसवीं कक्षा के परिणामों जारी हुए हैं। रामगढ़ के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले इस छात्र को खुद पर भरोसा था कि उसका नाम मेरिट सूची में शामिल होना तय है, लेकिन उसे मेरिट में जगह नहीं मिली। हालांकि परिजनों ने उसे इस बात के लिए कोई बुरा भला नहीं कहा और अगली कक्षा के लिए बेहतर प्रदर्शन करने को प्रेरित किया, लेकिन अवसाद से ग्रस्त होकर उसने मंगलवार बाद दोपहर गांव के बाहर खेतों में पेड़ से फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। इसकी सूचना परिजनों को लोगों से मिली। छात्र के इस कदम से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। गांव के लोग भी इस घटना से सन्न रह गए हैं। मृतक के पिता बोध सिंह, मां अजीत कौर सहित अन्य पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने आईपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
---------------
पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास, जीएमसी रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। क्षेत्र के गांव त्रेवा के एक युवक ने मंगलवार की रात को अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उसे गंभीर अवस्था में पीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार देकर डॉक्टरों ने उसे जीएमसी रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार सीमावर्ती गांव त्रेवा में मंगलवार की रात किन्हीं कारणों से एक 28 वर्षीय युवक ने घर में ही अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क जान देने की कोशिश की। आग लगते ही परिवार वालों ने किसी तरह उसे बुझाकर पीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जीएमसी रेफर कर दिया। युवक की पहचान जतिंदर शर्मा पुत्र बाबा दित्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
--------------
पानी की टंकी में गिरने से नव विवाहिता की मौत
सांबा। जिले के सुपवाल पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव लंगथ की एक नवविवाहिता की घर में बनी पानी की टंकी में गिरने से मौत हो गई। शव का पोस्टर्माटम कर परिजनों को सौंप दिया। सूत्रों के अनुसार लंगथ गांव के सुरेश कुमार की पत्नी रितु घर में कुछ काम कर रही थीं। इस बीच जमीन के अंदर बनी टंकी में वह गिर गईं। परिजनों को पता चला तो उसे बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि पांच माह पूर्व ही रितु की शादी हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। संवाद