बिश्नाह। क्षेत्र के गांव लसवाड़ा में पशु चराने वाले गुज्जर समुदाय के युवकों ने एक किसान की महज इसलिए पिटाई कर दी, क्योंकि उसने पशुओं को खेत में ले जाने से रोक दिया। आरोप है कि युवक किसानों को अधमरा छोड़कर भाग गए। किसान को उप जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार किसान केवल पुत्र लालचंद गांव लसवाड़ा सोमवार को खेतों में काम कर रहा था। इस दौरान गुज्जर समुदाय के कुछ युवक पशुओं को चरतो हुए उधर आ गए और उनके पशु केवल के खेतों में जाने लगे। केवल ने पशुओं को रोका और युवकों से कहा कि वह भी अपने पशुओं को रोकें , पशुओं के जाने से उसकी बोए गई फसल बरबाद हो जाएगी। इस बात को लेकर गुज्जर युवक बिफर पड़े और उन्होंने किसान पर हमला बोल दिया और किसान केवल को मार-मार कर अधमरा कर दिया। जब इसकी भनक गांव के लोगों को लगी तो वह खेतों में पहुंचे, लेकिन तब तक सभी गुज्जर युवक भाग निकले थे। उन्होंने जख्मी किसान को उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद उनकी तलाश शुरू कर दी है
-----------
घर आकर मारने की कोशिश, मामला दर्ज
बाड़ी ब्राह्मणा। एक महिला की शिकायत पर बाड़ी ब्राह्मणा थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार विमला देवी पत्नी स्वर्गीय पूर्ण सिंह निवासी मीन चाढ़का ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बलवीर सिंह पुत्र खजूर सिंह निवासी मीन रविवार की देर रात को तेजधार हथियार के साथ उनके घर आ धमका, और उनके साथ गाली गलौच करते हुए मारने की कोशिश की, लेकिन बचाव करते हुए वह वहां से भाग निकली। उसने तुरंत इसकी सूचना बाड़ी ब्राह्मणा थाने में दी। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि उनमें झगड़े का कारण भूमि विवाद है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद
-------
टिप्पर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार घायल
अखनूर। राजोरी रोड पर एक मोटरसाइकिल सवार को तेज गति से आ रहे एक टिप्पर ने चपेट में ले लिया। इस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीएमसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार राजोरी रोड के गांव कप्पा काला में मोटरसाइकिल सवार को विपरीत दिशा से आ रहे टिप्पर ने चपेट में ले लिया। इस पर मोटरसाइकिल सवार जिया लाल निवासी दनना दानू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपजिला अस्पताल में उपचार देकर डॉक्टरों ने जीएमसी रेफर कर दिया। उधर मौके से टिप्पर चालक फरार है गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। संवाद
-------
मोटरसाइकिल और कार की टक्कर में एक घायल
बाड़ी ब्राह्मणा। कार्थोली गैस प्लांट के पास मोटरसाइकिल और कार की भिड़ंत में मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया। जानकारी के अनुसार शिंगारा राम मूल निवासी खौड़ मौजूदा समय में बाड़ी ब्राह्मणा के ध्यान सर इलाके में रह रहा है। सोमवार को जरूरी काम से मोटरसाइकिल से जा रहा था। वहीं दूसरी ओर से एक कार नियंत्रण खो जाने के कारण भिड़ गई। इससे मोटरसाइकिल सवार को चोटें आई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को विजयपुर अस्पताल पहुंचाया। वहां पर उसका इलाज चल रहा है। बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद