ज्यौड़ियां। खौड़ उपजिले की सभी पंचायतें सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित हैं। रविवार एलओसी पर आईईडी विस्फोट होने पर सीमावर्ती ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। लोगों का आशंका है कि इस प्रकार का विस्फोट आगे भी हो सकता है। ऐसे में उनकी जान जोखिम में पड़ सकती है।
इस विषय में सीमावर्ती गांव के लोगों ने बताया कि सुबह 11 बजे के करीब जोरदार धमाके की आवाज आई। जो सीमा से छह से सात किलोमीटर दूरी पर स्थित गांवों के लोगों को भी सुनाई दी। ग्रामीणों ने बताया कि धमाके से जमीन थर्राई (कांपी) और हमने उसी समय कयास लगा लिया कि कहीं कोई आईईडी विस्फोट हुआ है। कुछ ही समय के बाद पता चला कि सीमा के नजदीक आईईडी ब्लास्ट हुआ है।
लोगों ने बताया 9 मार्च 2018 को भी तहसील खौड़ के गांव मतावा के नजदीक खौड़-पलांवाला मुख्य मार्ग पर एक पुलिया के नीचे भी आईईडी लगाई गई थी, जोकि एक डिब्बे में थी, जिसको स्थानीय लोगों ने देख लिया और खौड़ पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे निष्क्रिय कर दिया। उस समय भी क्षेत्र के लोगों में कुछ दिन तक दहशत बनी रही।
सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सीमा पर पहले भी ऐसे धमाके होते रहते हैं, जिसकी हमें आवाज सुनाई देती है।