जम्मू। बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र में बाइक सवारों ने दिनदहाड़े एटीएम के बाहर से दो छात्राओं के पैसे झपट लिए। छात्राएं कश्मीर के अनंतनाग की रहने वाली हैं, जो डोगरा कालेज में पढ़ती हैं। दोनों ने अपने दाखिले के लिए पैसे निकाले थे। पुलिस के पास इसकी शिकायत की है।
अनंतनाग की रहने वाली जानिब और उसकी एक अन्य दोस्त ने एटीएम से 50 हजार रुपये निकाले। जैसे ही दोनों बाहर निकलीं तो बाइक पर आए दो युवकों ने उनसे पैसे झपट लिए। दोनों हक्की बक्की रह गईं। इससे पहले कि वह दोनों मदद के लिए किसी को बुलातीं, तब तक आरोपी पैसे लेकर फरार हो चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्राओं से बातचीत की। पुलिस ने एटीएम के बाहर लगे सीसीटीवी को खंगाला है। झपटमारों की पहचान की जा रही है।