जम्मू। शहर के सतवारी क्षेत्र में वीरवार को सड़क पर खड़ी एक कार से 3 लाख रुपये चोरी हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार मालिक धीरज कुमार ने बताया कि वह अपनी कार को घर में ही खड़ी करते थे, लेकिन वीरवार को उन्होंने घर के बाहर खड़ी कर दिया। इसके बाद स्कूटी लेकर किसी काम से बाहर चले गए। घर लौटे तो देखा कि कार में रखे 3 लाख रुपये गायब थे। धीरज ने इसकी शिकायत सतवारी पुलिस स्टेशन में की। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के कई घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए। एक फुटेज में एक व्यक्ति कार तक जाता हुआ दिख रहा है, जिसकी पुलिस पहचान करने में लगी हुई है।
ओवरटेक कर रहे ट्रक से भिड़ी कार
गुज्जर नगर पुल पर हादसा, कोई घायल नहीं हुआ
जम्मू। शहर के गुज्जर नगर पुल पर वीरवार दोपहर एक कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार था और कार को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान कार चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक से टक्कर हो गई। इस दौरान पीछे से आ रहे दो अन्य वाहन भी कार से जा टकराए। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। ब्यूरो