जम्मू। शहर में नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर पुलिस ने शनिवार को चार शातिरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 12 हजार की कीमत के सौ और पांच सौ के नकली नोट के साथ एक प्रिंटर, डेस्कटॉप, लैपटॉप के साथ अन्य सामान बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार तालाब तिल्लो में मोटरसाइकिल पर आए दो लड़कों ने एक दुकान से सिगरेट खरीदकर दुकानदार को 500 रुपये का नोट थमाया। नोट को ध्यान से देखने पर दुकानदार को शक हुआ। उसने सिगरेट देने के बाद तालाब तिल्लो पुलिस चौकी में शिकायत की और नवाबाद थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ पर इनकी निशानदेही पर नकली नोटों के साथ अन्य सामान बरामद हुआ है। चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
-------
सीसीटीवी की फुटेज
से आरोपी चढ़े हत्थे
नवाबाद थाने में मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने एक टीम का गठन किया। तालाब तिल्लो चौकी प्रभारी काली चरण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दो आरोपियों सचिन कुमार निवासी साड़ी रकवां घो मन्हासा और रोहित शर्मा निवासी तालाब तिल्लो को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अन्य दो साथियों विपिन पंडिता निवासी ओम नगर उदयवाला और राजेश गंजू निवासी आनंद नगर का नाम लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर आनंद नगर बोहड़ी से 12 हजार रुपये के नकली नोट, कलर टेप, कागज की शीट, स्केेल, कंप्यूटर, प्रिंटर और वाटर मार्क स्टैंप बरामद किए गए।
-----------
लैपटॉप पर तैयार करते थे डुप्लीकेट नोट
पुलिस के अनुसार, आरोपी नोटों की डिजाइन को लैपटॉप पर तैयार करते थे। मामले में छानबीन जारी है। पुलिस इस बा का पता लगा रही है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।