जम्मू। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पुंछ जिले के लोरन थाने के थानेदार को दस हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी वेद प्रकाश आरएस पुरा के हरिपुर गांव का निवासी है, जिसकी तैनाती लोरन पुलिस थाने में है। जमीन विवाद में एक पक्ष से मामला सुलझाने के लिए थानेदार ने रिश्वत मांगी थी।
सीबीआई को शिकायत मिलने के बाद जम्मू से एक विशेष टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछाया। मंगलवार को सीबीआई की टीम पुंछ के मंडी क्षेत्र में पहुंच गई। यहां शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते आरोपी पकड़ा गया। सीबीआई के अनुसार वेद प्रकाश शिकायतकर्ता से ऑनलाइन पैसे भी ले चुका है, लेकिन इस बार उसने हाथोंहाथ पैसे मांगे, जिसे रंगे हाथ दबोच लिया गया। आरोपी को पकड़कर जम्मू लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। वेद प्रकाश आरएस पुरा पुलिस थाने में भी सब इंस्पेक्टर रह चुका है। मंगलवार को जैसे ही थानेदार को पकड़ा गया तो हड़कंप मच गया। थानेदार को रिश्वत लेते पकड़ने का मामला लंबे समय बाद सामने आया है। इसके पहले राजोरी पुलिस चौकी के प्रभारी को रिश्वत लेते पकड़ा गया था।